केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की सोच और दृढ़ संकल्प ने देश को एकजुट करने और मजबूत राष्ट्रीय पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की मजबूत नींव के कारण ही आज भारत विश्व में गर्व के साथ अपनी पहचान रखता है। श्री शाह आज सुबह नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।
गृह मंत्री ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्होंने देश की राजनीतिक और भौगोलिक एकता की नींव रखी। श्री शाह ने देश की रियासतों को भारत में मिलाने में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका को भी याद किया। वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें अनुच्छेद 370 को हटाना और नक्सलवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शामिल है।
श्री शाह ने नशामुक्त भारत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से नशे की समस्या को खत्म करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जरूरी है। गृह मंत्री ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरदार वल्लभभाई पटेल को देश के एकीकरण में उनकी भूमिका के लिए उचित सम्मान नहीं दिया गया। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर सरदार पटेल की विरासत को सम्मान दिया है।