ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने कहा है कि राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला-2026 महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण कारीगरों और महिला उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय स्तर का बिक्री का मंच प्रदान करेगा। विजयवाड़ा के पुन्नमी घाट पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के बाद उन्होंने कहा कि यह मेला 8 से 22 अक्टूबर तक लगभग 600 स्टालों के साथ आयोजित किया जाएगा। देश भर से लगभग ढाई हजार प्रतिभागियों के हथकरघा, हस्तशिल्प, खाद्य और अन्य ग्रामीण उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करने की उम्मीद है।
डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि यह मेला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार संपर्क और सीधी बिक्री को बढ़ावा देगा। राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास ने कहा कि यह आयोजन आंध्र प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए बिक्री के व्यापक अवसर प्रदान करेगा।