राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़े कानूनों की समीक्षा की। आयोग ने आई.सी.आई.सी.आई बैंक में महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा देने वाले पॉश कानून को लेकर कार्यशाला की। इसमें कर्मचारियों को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने और शिकायतों पर कार्रवाई की जानकारी दी गई। आयोग ने महाराष्ट्र में महिलाओं के संपत्ति और कृषि भूमि से जुड़े अधिकारों की भी समीक्षा की।
मुंबई पुलिस के साथ बैठक में महिला हेल्पलाइन, घरेलू हिंसा और महिलाओं की शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस गश्त, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर महिलाओं से होने वाले दुर्व्यवहार पर भी चर्चा हुई। आयोग ने महिलाओं की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने पर बल दिया।