नवम्बर 16, 2026 3:15 अपराह्न

printer

नासा का अंतरिक्ष यान वॉयेजर-1 ने बनाया नया रिकॉर्ड

नासा का अंतरिक्ष यान वॉयेजर-वन एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। यह पृथ्वी से एक प्रकाश-दिन की दूरी तय करने वाली मानव निर्मित पहली वस्तु बन जाएगा। वॉयेजर-वन को पांच सितंबर 1977 को प्रक्षेपित किया गया था। यह इस समय लगभग 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरतारकीय अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। एक प्रकाश-दिन वह दूरी है, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। यह दूरी लगभग 26 अरब किलोमीटर होती है।

वॉयेजर-वन ने वर्ष 2012 में सूर्य के सुरक्षात्मक क्षेत्र, जिसे हेलियोस्फीयर कहा जाता है, की बाहरी सीमा पार कर अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश किया था। अपनी यात्रा के दौरान इसने बृहस्पति, शनि और उनके चंद्रमाओं के बारे में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारियां भेजी हैं। इसने कुछ ऐसे चंद्रमाओं का भी पता लगाया, जिनके बारे में पहले जानकारी नहीं थी। साथ ही, इन ग्रहों और उनके छल्लों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं।

वैज्ञानिकों ने इसे इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया है। यह अंतरिक्ष यान की असाधारण कार्यक्षमता और इतनी अधिक दूरी से भी उसके साथ संपर्क बनाए रखने की क्षमता को दर्शाता है।

वॉयेजर-वन के जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयेजर-टू को भी वर्ष 1977 में प्रक्षेपित किया गया था। इसने वर्ष 2018 में अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश किया। इसके नवंबर 2035 तक पृथ्वी से एक प्रकाश-दिन की दूरी तय करने की संभावना है।

वॉयेजर मिशन ब्रह्मांड और हमारे सौरमंडल से परे फैले विशाल अंतरिक्ष के बारे में मानवता की समझ को लगातार बढ़ा रहे हैं।