जुलाई 13, 2026 10:17 अपराह्न

printer

नागालैंड: चूमौकेदिमा जिले में आईईडी विस्फोट, असम राइफल्स के एक जवान की मौत

नागालैंड के चूमौकेदिमा जिले के शुखोवी के पास खोपनाला में एक संदिग्ध आईईडी विस्फोट में आज असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार, असम राइफल्स का काफिला दीमापुर जा रहा था जब दोपहर करीब दो बजे विस्फोट हुआ। घायल जवानों को दीमापुर के क्रिश्चियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस महानिदेशक रूपिन शर्मा ने बताया कि यह माना जा रहा है कि विस्फोट ऑटो-रिक्शा में हुआ था। हालांकि, उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
 
इस बीच, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य कायरतापूर्ण कृत्य बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रियो ने प्रभावितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को भी शांति और सुरक्षा को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।