ईरान के तटीय इलाकों में कई विस्फोटों की खबर है। ये विस्फोट होरमोज़गान प्रांत के किश द्वीप, सीरिक और मिनाब काउंटी में सुने गए। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, किश में सुनी गई आवाजों का स्रोत समुद्र में पाया गया है। घटना के बारे में फिलहाल अधिक जानकारी नहीं दी गई है।
इस बीच, अरब और सऊदी मीडिया के अनुसार, सऊदी अरब में किंग फहद एयर बेस के पास भी कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। ताइफ शहर में भी कम से कम दो तेज विस्फोटों की खबर है। ये घटनाएं अमरीका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच हुई हैं।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि आगामी अमरीकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के साथ युद्ध तुरंत समाप्त हो जाएगा। उन्होंने ईरान पर अमरीकी मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
इससे पहले, ईरान ने यमन के हूती आंदोलन के साथ अपने संबंधों को लेकर अमरीकी आरोपों को खारिज किया था। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि अंसारल्लाह एक स्वतंत्र यमनी संगठन है और वह अपने फैसले खुद करता है। उन्होंने अमरीका की सैन्य कार्रवाइयों और नीतियों पर भी मध्य-पूर्व में अस्थिरता बढ़ाने का आरोप लगाया।