मध्य प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा आज इंदौर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से अबू धाबी के लिए पहली सीधी उड़ान को रवाना करेंगे। यह सेवा प्रदेश की नागर विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की जा रही है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ान सप्ताह में चार दिन- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। नई सेवा से इंदौर और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब तक अबू धाबी जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें सात से आठ घंटे लगते थे। नई सीधी उड़ान से यह सफर करीब तीन घंटे पंद्रह मिनट में पूरा हो सकेगा।
इस हवाई सेवा से व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार का कहना है कि नागर विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत अब तक आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर उड़ानें शुरू हो चुकी हैं, जबकि बाकी मार्गों पर भी जल्द सेवाएं शुरू की जाएंगी।
सरकार का कहना है कि इंदौर-अबू धाबी उड़ान से भविष्य में प्रदेश से और अधिक अंतरराष्ट्रीय तथा घरेलू हवाई सेवाओं का रास्ता खुलेगा।