अगस्त 21, 2026 2:19 अपराह्न | telecommunications and ICT

printer

भारत-ब्राजील के बीच दूरसंचार और आईसीटी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

भारत और ब्राजील ने दूरसंचार और सूचना तथा संचार प्रौद्योगिकी-आईसीटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। दूरसंचार विभाग ने बताया कि यह समझौता ब्रिक्स आईसीटी बैठक से इतर हुआ। दूरसंचार विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह समझौता डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देगा, डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएगा। पुणे में आयोजित 12वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक से इतर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और ब्राजील के संचार मंत्री फ्रेडेरिको डी सिक्वेरा फिल्हो के बीच यह समझौता हुआ।

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समझौते से सार्वभौमिक संपर्क, साइबर सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, उभरती प्रौद्योगिकियों, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के लिए भारत-ब्राजील सहयोग को मजबूत करने की दिशा में यह समझौता एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह समझौता ज्ञापन दूरसंचार, डिजिटल बुनियादी ढांचे और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में व्यवस्थित सहयोग के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है। यह समझौता इस वर्ष की शुरुआत में दोनों देशों के मंत्रियों के बीच दूरसंचार और डिजिटल बुनियादी ढांचे में आपसी सहयोग मजबूत करने को लेकर हुई चर्चा के बाद हुआ है।

    इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों देशों में समावेशी, सुरक्षित और मजबूत डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देना है। इससे ज्ञान, विशेषज्ञता और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान में मदद मिलेगी। साथ ही, अनुसंधान, नवाचार और नई पीढ़ी की संचार प्रौद्योगिकियों के विकास में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। भारत और ब्राजील ने अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार और प्रौद्योगिकी मंचों पर सहयोग मजबूत करने के महत्व पर भी जोर दिया है।

    भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के संदर्भ में यह समझौता महत्वपूर्ण है। डिजिटल परिवर्तन, विश्वसनीय प्रौद्योगिकी और समावेशी कनेक्टिविटी ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्र बनकर उभर रहे हैं। भारत ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार मानकों के क्षेत्र में अधिक सहयोग की वकालत करता रहा है।

    भारत-ब्राजील समझौता दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी का भी हिस्सा है। इस साझेदारी में व्यापार और निवेश, कृषि, ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल सहयोग और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।