सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2017-18 से 2025-26 के दौरान 8 लाख 53 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को 46 लाख से अधिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय वयोश्री योजना, एल्डरलाइन और जेरियाट्रिक केयरगिवर्स के प्रशिक्षण के जरिए वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर गतिशीलता, आत्मनिर्भर जीवन और समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना 2017 में शुरू की गई थी और इसे भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम-एलिम्को के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे और कम आय वर्ग के दिव्यांगता या शारीरिक कठिनाइयों से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, छड़ी, श्रवण यंत्र और चश्मे जैसे सहायक उपकरण मुफ्त दिए जाते हैं।
इस बीच, वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन एल्डरलाइन पर वित्त वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान 29 लाख से अधिक कॉल प्राप्त हुई। इस अवधि में 162 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए।
वहीं, जेरियाट्रिक केयरगिवर्स प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान 35 हजार से अधिक उम्मीदवारों को प्रशिक्षण दिया गया और 81 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए।