अक्टूबर 12, 2026 8:26 अपराह्न

printer

मंगोलिया के राष्ट्रपति ने दोर्नोगोबी में तेल रिफाइनरी निर्माण स्थल का दौरा किया, भारत के सहयोग के लिए आभार जताया

मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने आज दोर्नोगोबी प्रांत के अल्तानशिरे सूम में तेल रिफाइनरी निर्माण स्थल का दौरा किया। उन्होंने इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भारत के निरंतर सहयोग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उलानबतार स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार राष्ट्रपति खुरेलसुख ने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताया। इस रिफाइनरी के शुरू होने से मंगोलिया में ही परिष्कृत ईंधन का उत्पादन संभव हो सकेगा। उन्होंने परियोजना को आगे बढ़ाने में मंगोलिया में भारत के राजदूत अतुल मल्हारी गोत्सुर्वे की भूमिका की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्ष 2015 में मंगोलिया यात्रा के दौरान बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा मंजूर की गई थी। मंगोलिया सरकार ने इस राशि का उपयोग दोर्नोगोबी प्रांत में अपनी पहली तेल रिफाइनरी के निर्माण के लिए करने का फैसला किया।