सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने ‘स्रोत और विधियां’ नाम से एक प्रकाशन जारी किया है। इसमें वित्त वर्ष 2022-23 को आधार वर्ष बनाकर तैयार की गई राष्ट्रीय आय के नए आंकड़ों की गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
मंत्रालय ने बताया कि इस प्रकाशन में नई श्रृंखला के अंतर्गत अपनाई गई अवधारणाओं, परिभाषाओं, आंकड़ों के स्रोतों, तरीकों और गणना प्रक्रिया को विस्तार से शामिल किया गया है। यह प्रकाशन नई श्रृंखला जारी होने के केवल 7 महीने के भीतर लाया गया है।
राष्ट्रीय लेखा की नई श्रृंखला इस वर्ष फरवरी में जारी की गई थी। इसने 2011-12 आधार वर्ष वाली पुरानी श्रृंखला का स्थान लिया। अगस्त में इसमें नवीनतम उत्पादक मूल्य सूचकांक और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के आंकड़े भी शामिल किए गए।
मंत्रालय के अनुसार प्रकाशन में विशेषज्ञ समितियों की सिफारिशों और शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं तथा आंकड़ों के उपयोगकर्ताओं के साथ किए गए परामर्श को शामिल किया गया है। जीडीपी, खपत, बचत और अन्य प्रमुख आर्थिक संकेतकों के आकलन के लिए बेहतर तरीकों के साथ कॉरपोरेट फाइलिंग, जीएसटी और अन्य प्रशासनिक आंकड़ों का अधिक उपयोग किया गया है।
यह प्रकाशन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।