भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने मेरठ में आयोजित दो दिवसीय एयर शो में शानदार हवाई करतब दिखाए। टीम के 9 हॉक एमके-132 विमानों ने एक साथ उड़ान भरते हुए रोमांचक प्रदर्शन किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एयर शो देखा और सूर्य किरण टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दो दिनों में एक लाख से अधिक लोगों ने एयर शो देखा। इनमें विद्यार्थी, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक भी शामिल थे। रक्षा राज्य मंत्री ने सूर्य किरण के प्रदर्शन को अनुशासन, सटीकता, टीम भावना और कार्य कुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने टीम के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सूर्य किरण ने 30 वर्षों की यात्रा में भारत और विदेशों में 800 से अधिक एयर शो में प्रदर्शन किया है।