पंजाब के मानसा जिले में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि मुख्य आरोपी, केमिस्ट अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नशा-विरोधी कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हत्या में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक को इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कडी और उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने आरोपी को कल देर रात राजस्थान से गिरफ्तार किया। मानसा जिला प्रशासन ने आज उसका घर ध्वस्त कर दिया। हत्या के विरोध में कल से धरने पर बैठे लोगों सहित आक्रोशित भीड़ ने उसकी दवा की दुकान में तोड़फोड़ की।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने हत्या और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की निंदा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य में व्याप्त कानूनहीनता के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान स्वयं गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं। पुलिसकर्मियों सहित निर्दोष लोगों की हत्याओं की खबरें लगभग हर दिन आ रही हैं और गैंगस्टर बेखौफ घूम रहे हैं तथा हर जगह नशीले पदार्थ बिक रहे हैं।