महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा-टीईटी पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता और उसके सहयोगी इंद्रजीत विनयकुमार सिंह को भिवंडी की एक अदालत ने 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। भिवंडी के पुलिस उपायुक्त पवन बंसोडे ने बताया कि दोनों को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, बिजेंद्र कुमार गुप्ता के आगरा स्थित माहिम प्रात्राण प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों से वित्तीय संबंध थे। अपने सहयोगी सोनू के साथ मिलकर उसने कथित तौर पर प्रेस कर्मचारियों को नकद और संपत्ति का लालच देकर लीक हुए प्रश्नपत्र खरीदे थे। जानकारी के अनुसार, प्रश्नपत्रों को जूतों में छिपाकर प्रिंटिंग प्रेस से बाहर ले जाया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्रश्नपत्र 8 हजार रुपये में खरीदे थे और उन्हें पुणे और भिवंडी ले आए थे, जहां वे कथित तौर पर उन्हें 1 करोड़ 50 लाख रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। जांचकर्ता अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि लीक हुए प्रश्नपत्र किसने खरीदे, कितनी प्रतियां बेची गईं और उन्हें कहां-कहां वितरित किया गया।