राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने महाराष्ट्र के अमरावती में परातवाड़ा मामले की प्रगति का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस मामले में नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाने और प्रसारित करने का आरोप है। आयोग ने एक बयान में कहा कि इस मामले ने शोषण के लिए तकनीक का दुरुपयोग, सामग्री के प्रसार के पैमाने और पीड़ितों की सुरक्षा और गरिमा के संबंध में गंभीर चिंताएं पैदा की हैं।
आयोग ने कहा कि उसने संबंधित अधिकारियों को फोरेंसिक विश्लेषण में तेजी लाने और हर पांच दिन में आयोग को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। आयोग ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विशाल आनंद के हवाले से बताया कि अब तक मुख्य आरोपी सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को आगे होने वाले नुकसान को रोकने के लिए ऑनलाइन प्लेटफार्मों से सभी आपत्तिजनक सामग्री को स्थायी रूप से हटाने के लिए महाराष्ट्र साइबर विभाग के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया।