महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाशिक की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इकाई में कथित धर्मांतरण मामले में पुलिस विभाग को कड़ा रुख अपनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस को मामले की गहन जांच करने और हर पहलू की छानबीन करने को कहा है।
कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक में ये निर्देश दिए गए। बैठक में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैस्कर, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और नाशिक के पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक उपस्थित थे।
बैठक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इकाई में कथित यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले पर चर्चा की गई। इस मामले में सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। श्री फडणवीस मामले को उजागर करने के लिए नाशिक पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मामले की कठोर जांच भी आवश्यक है।
मामले में पीड़िता ने अपने सहकर्मियों पर दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न और धर्मपरिवर्तन के लिए दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।