महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उबर और ओला जैसी ऐप आधारित कैब सेवाओं की निगरानी के लिए एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाने का निर्देश दिया है। श्री फडणवीस ने मुंबई में महाराष्ट्र एग्रीगेटर नियम-2026 की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के जरिए व्यावसायिक वाहनों, चालकों के विवरण और उनके काम के घंटों पर वास्तविक समय में नजर रखी जाएगी।
प्रस्तावित प्लेटफॉर्म में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए वाहनों के संचालन, चालकों की तैनाती और यात्रियों की सुरक्षा की निगरानी होगी। नए नियमों के अंतर्गत कैब संचालकों को अपने वाहनों के पार्किंग स्थल, ड्राइविंग लाइसेंस और पुलिस सत्यापन की जानकारी प्लेटफॉर्म पर दर्ज करनी होगी।
यह प्रणाली चालकों के काम के घंटों पर भी नजर रखेगी, ताकि थकान से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि ए.आई. की मदद से नियमों के उल्लंघन का पता लगाकर समय पर कार्रवाई की जा सकेगी।
श्री फडणवीस ने परिवहन अधिकारियों को कैब बुकिंग ऐप के जरिए सवारी आवंटित करने की प्रक्रिया की जांच करने का भी निर्देश दिया। इसका उद्देश्य स्थानीय स्वतंत्र टैक्सी चालकों और बड़े कैब संचालकों के बीच सवारियों का उचित बंटवारा सुनिश्चित करना है।
राज्य के परिवहन विभाग को यह डिजिटल निगरानी प्रणाली जल्द से जल्द स्थापित करने को कहा गया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय चालकों को भी समान अवसर उपलब्ध कराना है।