जून 20, 2026 9:17 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र: मंदिर के ढांचे का एक हिस्‍सा गिरने के बाद कम से कम पांच श्रद्धालुओं की मृत्‍यु, कई घायल

महाराष्ट्र के परभणी जिले के मनवथ तालुका में आज मंदिर के ढांचे का एक हिस्‍सा गिरने के बाद कम से कम पांच श्रद्धालुओं की मृत्‍यु हो गई और 40 से 50 श्रद्धालु घायल हुए हैं। यह घटना उस समय हुई जब बडी संख्‍या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए एकत्र हुए थे।

बचाव दल ने घटनास्‍थल पर तत्‍काल पहुंचकर राहत अभियान चलाया। मलबे से लगभग 20 से 25 श्रद्धालुओं को निकाला गया है। वहीं, लगभग 15 घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए निकट के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने दुर्घटना में मरने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रारम्भिक सूचना के अनुसार मंदिर के निर्माण में पत्‍थर का इस्‍तेमाल किया जा रहा था। श्रद्धालुओं के जमावडे के बीच मंदिर के भीतरी भाग का एक हिस्‍सा ढहने के कारण यह दुर्घटना हुई।