केंद्रीय अन्वेक्षण ब्यूरो-सीबीआई ने 6 हजार करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के सरगना और मुख्य साजिशकर्ता सौरभ चंद्रकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के बाद रॉयल ओमान पुलिस ने चंद्रकर को हिरासत में लिया। सीबीआई की एक टीम उसे वापस लाने के लिए ओमान के मस्कट गई। उसे आज छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर शुरू की गई अलग-अलग जांच के अंतर्गत चंद्रकर पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ जुआ (निषेध) अधिनियम के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और लोक सेवक रिश्वतखोरी से संबंधित दो आरोपपत्रों में उसे मुख्य आरोपी बनाया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़े पैमाने पर धन शोधन के संबंध में अभियोग दायर किया है। सौरभ चंद्रकर पर अवैध लाभ को कई स्तरों के लेनदेन के माध्यम से वितरित किये जाने और हवाला के माध्यम से भारत से बाहर भेजे जाने का आरोप है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक ऑपरेशन भारत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित अवैध जुआ गिरोहों में से एक था। यह स्थानीय फ्रेंचाइजी “पैनलों” और “शाखाओं” के माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और विभिन्न आयोजनों पर अवैध सट्टेबाजी की सुविधा प्रदान करता था। गिरोह को चलाने के लिए, आय का एक हिस्सा नियमित रूप से सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत देने में इस्तेमाल किया जाता था।