केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मध्यप्रदेश के शिवपुरी में रक्षा विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी। यह संयंत्र अडानी समूह द्वारा लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये के निवेश से बनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज शिवपुरी के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना जिले को औद्योगिक विकास, रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत के सपने से जोड़ेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शिवपुरी के मेहनती युवाओं द्वारा बनाए गए हथियार और मिसाइलें भारतीय सेना को मजबूत करेंगी। यह कारखाना राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर स्थित पाली गांव में बनेगा। इसमें गोला-बारूद, उच्च तकनीक वाले हथियार और मिशन के लिए तैयार मिसाइलों का उत्पादन किया जाएगा। इस अवसर अडानी समूह के निदेशक जीत अडानी ने कहा कि समूह वर्ष 2030 तक मध्य प्रदेश में एक लाख बीस हजार रोजगार सृजित करेगा।