मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 2 हजार 30 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मऊगंज पुलिस ने मक्के की बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा यह गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 4 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इस गांजे को प्रयागराज ले जाने की योजना बना रहे थे। उनके खिलाफ एन.डी.पी.एस. अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के अन्तर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।