मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ की शुरुआत की। प्रदेश में इस साल को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और इसी कड़ी में यह आयोजन हुआ। महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, ड्रोन, स्मार्ट सिंचाई, जैविक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इंदौर के बाद यह महोत्सव धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर और खंडवा में भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दे रही है। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड की अवधि 6 महीने से बढ़ाकर एक साल कर दी गई है।
डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में आलू प्रसंस्करण की एक बड़ी इकाई शुरू हो चुकी है और जल्द ही इंदौर में भी ऐसी इकाइयां लगेंगी। उन्होंने बताया कि डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार 40 लाख रुपए की डेयरी स्थापित करने पर 10 लाख रुपए की सब्सिडी देगी। इसके अलावा गोशालाओं के लिए हर गाय पर 40 रुपए का अनुदान भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इंदौर की लक्ष्मीबाई अनाज मंडी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि इस परिसर में अहिल्याबाई होलकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मंडी के विस्थापन से प्रभावित लोगों को सरकार पक्के मकान भी देगी।