मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में देशभर से 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपति और निवेशक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने घोषणा की कि श्यामा प्रसाद जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी क्षेत्र का नाम आधिकारिक तौर पर उनके नाम पर रखा जाएगा।
स्मार्ट औद्योगिक पार्क का निर्माण लगभग 173 एकड़ भूमि पर किया जाएगा, जो सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उच्च मूल्य विनिर्माण, वस्त्र तथा खिलौना उद्योग और लॉजिस्टिक्स पर केंद्रित होगा। इससे भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की आशा है।