अक्टूबर 26, 2026 9:07 पूर्वाह्न

printer

मध्य प्रदेश: राज्य स्थापना दिवस पर 102 विद्यार्थियों को दी जाएगी श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के 102 विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति और प्रमाण-पत्र मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं, भारतीय संस्कृति तथा पारंपरिक ज्ञान से परिचित कराना है। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों का चयन किया है।

इस योजना के अंतर्गत 11 अगस्त से 30 सितंबर तक ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसके लिए कुल 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 58099 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। 23 अक्टूबर को जारी मेधा सूची में 5514 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से 102 विजेताओं का चयन किया गया। सभी विजेताओं के नाम श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिए गए हैं।