लक्जमबर्ग के अर्थव्यवस्था, लघु और मध्यम उद्यम, ऊर्जा तथा पर्यटन मंत्री लेक्स डेल्स ने आज नई दिल्ली में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अंतरिक्ष क्षेत्र में वर्तमान सहयोग, भविष्य की संभावनाओं और संस्थागत तथा व्यावसायिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। डॉ. सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध, सहयोग को नए और व्यापक क्षेत्रों तक ले जाने के लिए अनुकूल आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र दोनों देशों की साझेदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भारत और लक्जमबर्ग के बीच फरवरी 2022 में शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बाहरी अंतरिक्ष के अन्वेषण और उपयोग में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक सहयोग भी बढ़ा है। इसमें संचार उपग्रह ट्रांसपोंडर लीज पर देना और पीएसएलवी के जरिए लक्जमबर्ग के दो उपग्रहों का प्रक्षेपण शामिल है।
श्री डेल्स ने अंतरिक्ष, उपग्रह संचार, आर्टिफिशिलय इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भारत के साथ लक्जमबर्ग के बढ़ते सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने लक्जमबर्ग की कंपनियों के लिए भारत में गतिविधियां बढ़ाने की संभावनाओं पर भी बात की।
दोनों मंत्रियों ने सरकारी संस्थानों और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया।