जुलाई 21, 2026 8:35 अपराह्न

printer

लाकाडोंग हल्दी मिशन-गोल्डन स्पाइस का शुभारंभ

पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नई दिल्ली में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के साथ लाकाडोंग हल्दी मिशन-गोल्डन स्पाइस का शुभारंभ किया। पूर्वोत्तर राज्‍यों की आर्थिक क्षमता का उपयोग करने की पहल के अंतर्गत शुरू की गई इस योजना का बजट 175 करोड़ रुपये से अधिक है। श्री सिंधिया ने बताया कि दुनिया में सबसे ज़्यादा प्राकृतिक करक्यूमिन मात्रा वाली लाकाडोंग हल्दी अपनी बेहतरीन गुणवत्ता के लिए दुनिया भर में मशहूर है। उन्‍होंने कहा कि इस मसाले ने दुनिया भर का ध्यान खींचा है।

उन्होंने कहा कि फसल की गुणवत्ता, असलियत, बड़े पैमाने पर उत्पादन और टिकाऊपन इसे वैश्विक स्‍तर पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मिशन खेत से वैश्विक बाजार तक का एक इकोसिस्टम बनाएगा, खेती के दायरे को 7 हज़ार हेक्टेयर तक बढ़ाएगा, किसानों की आमदनी दोगुनी करेगा, महिलाओं के नेतृत्व में 3 हज़ार से ज़्यादा नौकरियां सृजित करेगा और वित्त वर्ष 2028-29 तक 100 करोड़ रुपये की लाकाडोंग हल्दी तैयार करेगा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूर्वोत्तर के बेहतरीन उत्पादों के लिए ग्लोबल वैल्यू चेन बना रही है।

इस मिशन को 2025 से 2030 तक दो चरणों में लागू करने के लिए पांच साल की रूपरेखा तैयार की गई है। पहला चरण ‘वैल्यू चेन को मज़बूत करना’ है और इसके बाद दूसरा चरण ‘विस्तार और बड़े पैमाने पर काम करना’ है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा कि यह मिशन राज्य सरकार, अधिकारियों और किसानों द्वारा सालों से की गई संस्थागत तैयारी पर आधारित है। उन्होंने बताया कि यह मिशन केंद्र सरकार के उस ‘मिशन मोड’ नज़रिए को दिखाता है, जिसके अंतर्गत हर पूर्वोत्तर राज्य से एक खास उत्पाद की पहचान की जाती है। श्री संगमा ने पूर्वोत्तर पर लगातार ध्यान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का धन्यवाद दिया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला