सितम्बर 7, 2026 8:33 अपराह्न

printer

अज़रबैजान में चौथे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सप्ताह की शुरुआत

कॉप-31 सम्मेलन से कुछ हफ्ते पहले, अज़रबैजान की राजधानी बाकू में आज से चौथे संयुक्त राष्ट्र जलवायु सप्ताह की शुरुआत हो गई है। जलवायु परिवर्तन से निपटने, इसके लिए कोष जुटाने और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए सरकारों, वित्तीय संस्थानों, कंपनियों और जलवायु विशेषज्ञों की यह पांच दिवसीय बैठक इस महीने की 11 तारीख तक चलेगी।
 
आज पहले दिन पेरिस समझौते के ‘एन्हांस्ड ट्रांसपेरेंसी फ्रेमवर्क’ को लागू करने पर उच्च स्तरीय चर्चा हुई। इस फ्रेमवर्क के अंतर्गत सभी देशों के लिए कार्बन उत्सर्जन में कटौती, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप स्‍वयं को ढालने और पर्यावरण सुधार के लिए दी जाने वाली सहायता की प्रगति रिपोर्ट देना अनिवार्य है। 
 
इस चर्चा में कॉप-29 के अध्यक्ष अज़रबैजान, कॉप-30 के अध्यक्ष ब्राजील और आगामी कॉप-31 के मेजबान तुर्की ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य जलवायु मुद्दों की बेहतर रिपोर्टिंग के लिए राजनीतिक सहमति बनाना और विकासशील देशों को मिलने वाली मदद में आ रही कमियों की पहचान करना है। इस हफ्ते होने वाली अन्य चर्चाओं में कार्बन मार्केट, न्यायसंगत बदलाव, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबद्ध योगदान और जलवायु कार्यों के लिए कोष जुटाने जैसे विषय शामिल रहेंगे। 
 
इस बैठक से निकलने वाले निष्कर्ष आगामी कॉप-31 सम्मेलन की जमीन तैयार करेंगे। इस सम्मेलन में दुनिया भर की सरकारों पर अपनी पर्यावरण योजनाओं को और मजबूत करने तथा पेरिस समझौते के वादों को पूरा करने का दबाव रहेगा।
 
संयुक्त राष्ट्र की वार्ताओं में जलवायु वित्त यानी ‘क्लाइमेट फाइनेंस’ सबसे संवेदनशील मुद्दों में से एक बना हुआ है। विकासशील देशों का तर्क है कि वर्तमान वित्तीय प्रतिबद्धताएं स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु अनुकूलन और खराब मौसम से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बेहद कम हैं। 
 
बाकू क्लाइमेट एक्शन वीक 2026 का आयोजन यू.एन.एफ.सी.सी.सी की बैठक के साथ ही किया जा रहा है, जो निवेशकों, व्यवसायों, नागरिक समाज समूहों और अन्य गैर-सरकारी हितधारकों को एक मंच पर लाता है।