जुलाई 19, 2026 2:08 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भूस्खलन और अचानक बाढ़, तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में आज सुबह तेज वर्षा के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हो गए। हमारे जम्मू संवाददाता के अनुसार, सभी मौतें सबसे ज़्यादा प्रभावित सुरनकोट तहसील से हुई हैं। यहाँ प्रशासन ने फँसे हुए लोगों तक पहुंचने, प्रभावित इलाकों को साफ़ करने और प्रभावित लोगों को तत्‍काल मदद पहुंचाने के लिए बचाव दल तैनात किए हैं और राहत कार्य तेज़ कर दिए हैं। पुंछ के नूनाबंदी गाँव में घर ढहने से एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। उसके पति और तीन बच्चों को घायल अवस्‍था में अस्पताल पहुँचाया गया है।

 लोअर मुर्राह गाँव में एक मकान पर चट्टाने गिरने से मकान-मालिक और परिवार के पाँच अन्य सदस्य लापता हो गए। ताजा समाचार मिलने तक खोज और बचाव अभियान चल रहा था। मरहोट गाँव में एक लड़की नाले में डूब गई, जबकि ज़िले में धुंडक लाथूंग पुल के पास नाले से एक अज्ञात महिला का शव निकाला गया।

 उपराज्‍यपाल मनोज सिन्हा ने लगातार वर्षा और अचानक आई बाढ़ के बाद राजौरी और पुंछ में बचाव और राहत कार्यों की समीक्षा की। उपराज्‍यपाल स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। उन्होंने उपायुक्‍तों और वरिष्ठ अधिकारियों को सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने निवासियों से शांति बनाए रखने और आधिकारिक माध्‍यमों से ताजा जानकारी लेते रहने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुंछ में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुई दुखद मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन, राज्‍य आपदा मोचन बल, पुलिस और अन्य सभी संबंधित एजेंसियाँ बचाव और राहत कार्यों में पूरी तरह से जुटी हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों तक बिना किसी देरी के हर संभव मदद पहुँचे।