मार्च 25, 2026 1:31 अपराह्न

printer

कश्मीरी कार्यकर्ता जावेद बेग ने यूएनएचआरसी में आतंकी घटनाओं और मानवाधिकार उल्लंघनों को उजागर किया

जम्मू-कश्मीर के बडगाम के प्रमुख मानवाधिकार रक्षक और कश्मीरी कार्यकर्ता जावेद बेग ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के 61वें सत्र के दौरान आतंकी घटनाओं और गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को उजागर किया।

मीडिया से बात करते हुए बेग ने कहा कि उनके भाषण में तीन प्रमुख मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें पहलगाम और दिल्ली में आतंकी हमले, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (पीओजेके) में व्यवस्थागत उल्लंघन और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में अत्याचार शामिल हैं।     हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले को अंजाम दिया, जिसमें निर्दोष नागरिकों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया गया। उन्होंने पिछले साल नवंबर में हुए दिल्ली विस्फोट का भी जिक्र किया और बताया कि कश्मीर के कुछ बच्चों को सीमा पार से संचालित तत्वों द्वारा विभिन्न माध्यमों से कट्टरपंथी बनाया गया था। उन्होंने आगे कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता है, तो उसे जल्द ही वैश्विक अलगाव का सामना करना पड़ सकता है।

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (पीओजेके) के संदर्भ में बेग ने क्षेत्र में गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों, जन विरोध प्रदर्शनों के दमन और आम नागरिकों की मांगों को कुचलने की घटनाओं को रेखांकित किया।