एक राष्ट्र, एक चुनाव के प्रस्तावित ढांचे की समीक्षा कर रही संयुक्त संसदीय समिति ने आज उत्तर प्रदेश के लखनऊ में विशेषज्ञों और हितधारकों के साथ चर्चा की। देशव्यापी परामर्श प्रक्रिया के अंतर्गत समिति उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर है।
समिति के सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि समिति ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधियों और विधि विशेषज्ञों के साथ प्रस्तावित चुनाव सुधार पर उनके विचार जाने।
चर्चा के दौरान श्री ठाकुर ने कहा कि एक साथ चुनाव कराने से संसाधनों की बड़ी बचत होगी और आदर्श आचार संहिता बार-बार लागू होने से होने वाली नीतिगत रुकावट में कमी आएगी। इससे शासन में निरंतरता भी सुनिश्चित होगी।
समिति कल राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अन्य राजनीतिक दलों से मुलाकात कर देशभर में एक साथ चुनाव कराने के प्रस्ताव पर उनके विचार जानेगी।
ये परामर्श ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पहल पर अपनी सिफारिशों को अंतिम रूप देने से पहले समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव और प्रतिक्रिया जुटाने के लिए किए जा रहे हैं।