जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दाछन क्षेत्र में आज एक वाहन के सड़क से फिसलकर चेनाब नदी में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। आकाशवाणी के जम्मू संवाददाता ने बताया है कि वाहन यैनवान, डंगडरू से साउंडर की ओर जा रहा था।
पुलिस दल और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव और तलाशी अभियान शुरू किया। घटनास्थल से पांच शव बरामद किए गए हैं। हालांकि, वाहन में सवार कुल लोगों की सही जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा ने बताया कि सभी मृतक डुंगडरू स्थित पाकल दुल परियोजना में काम करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्य के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तथा दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने भी किश्तवाड़ जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता और हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए हैं।