जुलाई 20, 2026 9:09 अपराह्न

printer

जम्मू-कश्मीर: बारिश की घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा

जम्मू-कश्मीर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आज जम्मू संभाग में चार और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। राजौरी और पुंछ जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव और राहत कार्य प्रभावित हुए हैं, जबकि कम से कम सात लोग अभी भी लापता हैं।

केंद्र शासित प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्थिति की समीक्षा की। वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में बारिश से हुई मौतों पर मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

डोडा जिले में भारी बारिश के दौरान जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रागी नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक यात्री बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। इलाके में कुछ निजी वाहन भी पत्थरों की चपेट में आए, लेकिन उनमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।

डोडा के कश्तीगढ़ इलाके में एक महिला की भी पत्थर लगने से मौत हो गई। वहीं, राजौरी जिले में कल अचानक आई बाढ़ में बह गए एक युवक का शव आज सालानी इलाके की नदी से बरामद किया गया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला