जुलाई 7, 2026 9:22 पूर्वाह्न

printer

जम्मू-कश्मीर: गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को सीडीएफ योजना के माध्यम से राहत दिशा-निर्देशों में संशोधन

जम्मू-कश्मीर सरकार ने जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने के लिए निर्वाचन क्षेत्र विकास निधि-सी.डी.एफ. योजना के दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक विधायक अपने सीडीएफ से 20 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध करा सकेगा। यह सहायता गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों और अन्य अधिसूचित आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मरीजों को दी जाएगी।

सरकार ने अंग प्रत्यारोपण के लिए अधिकतम सहायता राशि 5 लाख रुपये, कैंसर के इलाज के लिए 2 लाख पचहत्‍तर हजार रुपये और डायलिसिस की आवश्यकता वाले दीर्घकालिक गुर्दे की बीमारी के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित की है। सरकार द्वारा अधिसूचित अन्य बीमारियों के लिए भी सहायता प्रदान की जा सकती है।

यह सहायता तभी दी जाएगी, जब मरीज पीएम-जय सेहत, मेडिकल एड ट्रस्ट और अन्य सरकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध सभी सहायता का लाभ उठा चुका हो और उपचार का कुछ खर्च शेष रह गया हो। पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दुरुपयोग को रोकने के लिए, स्वीकृत राशि लाभार्थियों के बजाय सीधे सूचीबद्ध अस्पतालों या चिकित्सा संस्थानों को दी जाएगी।