जम्मू-कश्मीर में घाटी की रसदार और गहरे लाल रंग की चेरी फल अब मुम्बई के बाजारों तक पहुंचेगा। मौसम का पहला चेरी फल का विशेष पार्सल वाहन आज जम्मू से रवाना हुआ। यह जम्मू-कश्मीर के कृषि उत्पादन को उचित समय में देश के प्रत्येक कोने में पहुंचाने की दिशा में रेलवे की एक बड़ी उपलब्धि है। लगभग 966 बक्सों में करीब 12 टन चेरी को मौसम के पहले पार्सल वाहन में लोड किया गया।
इस फल की कोमल ताज़गी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। यह पार्सल वाहन जम्मू से बांद्रा टर्मिनस तक सिर्फ 33 घंटों के रिकॉर्ड समय पर पहुंचेगा। इस प्रकार की तेज़ डिलिवरी चेरी की गुणवत्ता को संरक्षित करेगा और मुम्बई के लोग बगीचे से सीधे चुनी गई ताज़ा चेरी का स्वाद ले सकेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि चेरी एक अति कोमल फल है। इस फल को कुछ घंटों के भीतर बाज़ार तक पहुंचाना एक चुनौती है। श्री सिंघल ने कहा कि इस सीज़न में व्यापारियों की हर मांग को पूरी करने के लिए रेलवे के पास पर्याप्त पार्सल वाहन और उपलब्ध पर्याप्त संसाधन हैं।