जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने आज जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं, कार्यक्रमों, योजनाओं और पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की स्थिति, उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों, कार्य की गुणवत्ता और काम में तेजी लाने के उपायों पर चर्चा हुई।
श्री पाटिल ने परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर बल देते हुए अधिकारियों को प्रगति में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर परियोजनाएं पूरी होने से न केवल लागत बढ़ने से बचा जा सकेगा, बल्कि लोगों को उनका लाभ भी समय पर मिलेगा। उन्होंने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट-डीपीआर तैयार करने से संबंधित विभाग और उसके विभिन्न संगठनों के मौजूदा दिशा-निर्देशों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनमें जरूरी सुधार करने पर भी बल दिया।