सितम्बर 7, 2026 2:10 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात की, कहा- दोनों देशों के बीच मजबूत और भरोसेमंद संबंध हैं

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया अनिश्चितता से चिंतित है, भारत और लक्ज़मबर्ग के बीच एक मजबूत और भरोसेमंद रिश्ता है। डॉ. जयशंकर ने यह बात आज दोपहर नई दिल्ली में लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री, विदेश मामलों और व्यापार मंत्री जेवियर बेटेल से मुलाकात के दौरान कही।
 
डॉ. जयशंकर ने इस साल की शुरुआत में अपनी लक्ज़मबर्ग यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों पक्षों के नेताओं ने कई बार एक-दूसरे से बातचीत की है। विदेश मंत्री ने कहा कि व्यापार, निवेश और वित्तीय सहयोग दोनों देशों के संबंधों का आधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश अंतरिक्ष, डिजिटल और हरित प्रौद्योगिकियों में सहयोग की संभावनाओं को भी  तलाश रहे हैं। डॉ. जयशंकर ने कहा कि कोविड महामारी के बाद भारत और लक्ज़मबर्ग के बीच स्वास्थ्य सहयोग में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते और निकट भविष्य में इसके अनुसमर्थन के साथ यूरोप के साथ आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और विविधीकरण के संदर्भ में नए क्षितिज खुल रहे हैं। विदेश मंत्री ने मुक्त व्यापार समझौते को दिए गए मजबूत समर्थन के लिए लक्ज़मबर्ग का आभार व्यक्त किया।
 
इस अवसर पर लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री, विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री ज़ेवियर बेटेल ने कहा कि लक्ज़मबर्ग का भारत के साथ विश्वासपूर्ण और ईमानदार संबंध है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने संबंधों को गहरा करने के लिए बहुत प्रयास किए हैं। श्री बेटेल ने संघर्षों से प्रभावित देशों के बीच सेतु बनाने के प्रयासों और शांतिदूत के रूप में भारतीय नेतृत्व की भूमिका के लिए उनका आभार व्यक्त किया। श्री बेटेल तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आज तड़के नई दिल्ली पहुंचे।