सितम्बर 24, 2026 6:37 पूर्वाह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एल-69 की परामर्श बैठक की सह-अध्यक्षता की, दुनिया में हो रहे अभूतपूर्व बदलावों पर चिंता जताई

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने सेंट लूसिया के विदेश मंत्री अल्वा बैपटिस्ट के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के मुद्दे पर एल-69 (विकासशील देशों का अंतर क्षेत्रीय समूह) की परामर्श बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि दुनिया में हो रहे अभूतपूर्व बदलावों का सबसे अधिक असर वैश्विक दक्षिण के देशों पर हो रहा है और संयुक्त राष्ट्र इन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा के लिए खतरों से निपटने में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की असमर्थता सुधार की आवश्यकता को रेखांकित करती है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि सुधार में लगातार देरी से लंबे समय से चली आ रही असमानता बनी रहती है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि एल-69 और सी-10 के सदस्य संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
 
एल-69 विकासशील देशों का एक अंतर-क्षेत्रीय समूह है, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक और तत्काल सुधार की मांग करता है। वहीं, सी-10 अफ्रीकी संघ के दस देशों का समूह है, जो सुरक्षा परिषद में अफ्रीकी देशों की साझा स्थिति को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है।