जुलाई 16, 2026 6:13 अपराह्न

printer

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी

ओडिशा के धार्मिक शहर पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बड़े ही भक्तिभाव के साथ आगे बढ़ रही है। पवित्र पहंडी बीजे और छेरा पहनरा अनुष्ठानों के संपन्न होने के बाद आज दोपहर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के तीन भव्य रथों को खींचने का काम विधिवत रूप से शुरू हुआ। शंखों की गूंज, वैदिक मंत्रों और ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारे के बीच, लाखों भक्त बड़ा दंड मार्ग से होते हुए श्री गुंडिचा मंदिर की ओर विशाल लकड़ी के रथों को खींचने में भाग ले रहे हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद, भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है और उन्होंने इस भव्य मार्ग को आस्था और भक्ति के सागर में बदल दिया है। विश्व प्रसिद्ध इस महोत्सव का सुचारू और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।