ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आई.आर.जी.सी.) ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक माइन्स से टकराने के बाद एक सुपरटैंकर में भीषण विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई। एक बयान में, आई.आर.जी.सी. नौसेना ने कहा कि पोत कच्चा तेल ले जा रहा था और अपने नेविगेशन और जी.पी.एस. सिस्टम बंद करके एक अनधिकृत मार्ग से रणनीतिक जलमार्ग को पार करने का कोशिश कर रहा था। आई.आर.जी.सी. के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
यह घटनाक्रम, क्षेत्र में बढ़ते समुद्री तनाव के बीच आया है। आई.आर.जी.सी. नौसेना ने यह भी दावा किया है कि उसकी सेना ने एनवी सनशाइन नामक एक द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस वाहक पर हमला किया। ईरान ने आरोप लगाया कि द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस वाहक जलडमरूमध्य से अनधिकृत मार्ग का उपयोग कर रहा था। ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि वार्ता के दौरान पहले हुए सैन्य हमलों के बावजूद तेहरान संयुक्त राज्य अमरीका के साथ वार्ता के लिए प्रतिबद्ध है। तुर्कमेनिस्तान में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक बैठक के दौरान, उन्होंने कहा कि ईरान ने वाशिंगटन के साथ प्रस्तावों का आदान-प्रदान किया है और मध्यस्थों के माध्यम से एक समझौते की दिशा में काम कर रहा है।