नवम्बर 22, 2026 10:16 पूर्वाह्न

printer

ईरान के उप विदेश मंत्री काज़िम गरीबाबादी ने ईरान पर अमरीका की नाकेबंदी को शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताया

ईरान के उप विदेश मंत्री काज़िम गरीबाबादी ने ईरान पर अमरीका की ओर से लगाई गई नाकेबंदी को शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि आर्थिक घेराबंदी तोड़ने के लिए तेहरान सभी आवश्यक कदम उठाएगा। ईरान की समाचार एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में ईरान की परमाणु सामग्री का निर्यात नहीं किया जाएगा।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यदि अमरीका अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप उचित शर्तें स्वीकार कर लेता है, तो होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलना मुश्किल नहीं होगा। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, उन्होंने कहा कि संकट का समाधान करने के लिए वाशिंगटन को अपनी गलतियां स्वीकार करनी होंगी और पहले किए गए वादों को पूरा करना होगा। ये बयान वाशिंगटन और तेहरान के बीच जारी तनाव के बीच आए हैं। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत में ईरान की ओर से रखी जा रही शर्तों पर बार-बार असंतोष व्यक्त किया है।