ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा है कि अमरीका के साथ जारी तनाव की स्थिति को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
इस्लामी परामर्श सभा की समन्वय परिषद की बैठक में उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बातचीत या एक-दूसरे पर आरोप लगाने से इस स्थिति का समाधान नहीं होगा। इसके लिए देश में एकता बनाए रखने और सैन्य ताकत को मजबूत करने की जरूरत है।
श्री गालिबाफ ने कहा कि ईरान ने अपने सशस्त्र बलों के बलिदान और सर्वोच्च सैन्य कमांडर के नेतृत्व में विरोधियों के खिलाफ अपनी सैन्य क्षमता मजबूत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब अमरीका ईरान की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करने और आर्थिक दबाव बढ़ाने तथा अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि यदि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ तो नए साल के बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। ट्रंप ने बातचीत में ईरान के रवैये की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह बिना किसी ठोस प्रगति के वार्ता कर रहा है। अमरीका और ईरान के बीच संभावित समझौते की शर्तों को लेकर तनाव लगातार बना हुआ है।