संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के इतर न्यूयॉर्क में ईरान के अधिकारियों ने अमरीका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की है। दोनों देशों के बीच यह इस साल जून के बाद पहला उच्च स्तरीय संपर्क है, जब अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।
कतर के राजनयिकों की मध्यस्थता में हुई इस बातचीत का नेतृत्व ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने किया। वार्ता के बाद अमरीकी दूत विटकॉफ ने सकारात्मक उम्मीद जताई है।
इस बीच, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने संकेत दिया है कि यदि वाशिंगटन सैन्य और आर्थिक दबाव कम करने के लिए कदम उठाता है, तो तेहरान एक सप्ताह के भीतर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ को फिर से खोलने के लिए तैयार है।