सितम्बर 6, 2026 7:32 अपराह्न

printer

ईरान-अमरीका तनाव बढ़ा, दोनों देशों के बीच सैन्य हमले तेज

ईरान और अमरीका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव के बीच दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स-आई.आर.जी.सी. ने कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों से एक अमरीकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत को निशाना बनाया। आई.आर.जी.सी. ने दावा किया कि इन पोतों ने ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी में हिस्सा लिया था। उसने चेतावनी दी कि अगर अमरीका की आक्रामक कार्रवाई जारी रही, तो ईरान की सशस्त्र सेनाएं कड़ा जवाब देंगी।

यह तनाव आई.आर.जी.सी. की नौसेना द्वारा रात में किए गए हमलों के बाद और बढ़ गया। आई.आर.जी.सी. ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों और अन्य स्थानों पर अमरीका से जुड़े तीन जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने इन हमलों को दिन में अमरीका द्वारा ईरानी तेल टैंकरों पर किए गए हमलों की जवाबी कार्रवाई बताया।

इस बीच, अमरीकी सेंट्रल कमांड ने कल कहा कि अमरीकी सेना ने तीन ईरानी कच्चे तेल के टैंकरों पर हमला किया था। अमरीकी सेना के अनुसार यह कार्रवाई उस समय की गई जब आई.आर.जी.सी. ने क्षेत्र में गश्त कर रहे अमरीकी नौसेना के दो युद्धपोतों की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं।