ईरान ने कहा है कि अमरीका के साथ जून के अंतरिम समझौते में निर्धारित सात शर्तें पूरी होने तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला जाएगा। दोनों देश संघर्ष खत्म करने के प्रयासों पर अडियल रवैया अपना रहे हैं। ईरान के सरकारी मीडिया ने संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ के हवाले से बताया कि रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर खोलने के बारे में ईरान की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट और दृढ़ है।
ईरान की सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अक्रमिनिया ने कहा कि देश अमरीका के साथ हाल के युद्ध के बाद अपनी मिसाइलों की रेंज बढ़ाएगा। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस संघर्ष से यह आवश्यक हो गया है कि ईरान लम्बी दूरी की मिसाइलें विकसित करे। उन्होंने कहा कि देश पहले ही इस दिशा में कदम बढ़ा चुका है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने आज कहा कि मध्यस्थों के जरिए अमरीका को ईरान की स्थिति से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ अतिरिक्त बिन्दुओं पर अब भी अमरीका से संवाद की आवश्यकता है। श्री बाघेई ने कहा कि ईरान फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य पर केन्द्रित है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस जलमार्ग में सुरक्षा बहाल करने के लिए अमरीका को स्पष्ट और ठोस उपाय करने होंगे।