सितम्बर 13, 2026 11:06 पूर्वाह्न

printer

ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नए जलमार्ग पर सहमत हुए

ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए नए प्रवेश और निकास जलमार्ग पर सहमत हो गए हैं। दोनों देश इसे आगामी क्षेत्रीय बैठक में अन्य खाड़ी देशों के समक्ष रखने की योजना बना रहे हैं। इसके अंतर्गत, खाड़ी में प्रवेश मार्ग पूरी तरह से ईरानी क्षेत्रीय जल सीमा के भीतर होगा, और निकास मार्ग का एक हिस्सा भी ईरानी नियंत्रण में होगा। इसके लागू हो जाने से, जलमार्ग का दक्षिणी मार्ग बंद हो जाएगा। यह अमरीका की मांगों का सीधा विरोध है।

ईरान के अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि इस समझौते का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोला जा रहा है। ईरान ने जलमार्ग के खुलने से पहले अमरीका के सामने सात शर्तें रखी हैं। उसने कहा है कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक यह मार्ग बंद रहेगा। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने शुक्रवार को घोषणा की कि खाड़ी के तटीय देशों के विदेश मंत्री कल ओमान में क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए मिलेंगे, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित मार्गों को निर्धारित करने के लिए ईरान-ओमान वार्ता भी शामिल है।