सितम्बर 13, 2026 9:39 अपराह्न

printer

ईरान और खाड़ी देशों की कल ओमान में बैठक, होर्मुज और क्षेत्रीय सुरक्षा पर होगी चर्चा

अमरीका-ईरान संघर्ष से खाड़ी क्षेत्र में अशांति फैलने के साथ ही इसका असर अन्य क्षेत्रों में भी पड़ रहा है। इसे देखते हुए इस सप्ताह राजनयिक प्रयासों पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य और व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा के लिए ईरान और खाड़ी देशों की कल ओमान में बैठक होगी। ईरान ने कहा है कि उसने जलडमरूमध्य से गुजरने वाले एक नए समुद्री मार्ग पर ओमान के साथ समझौता कर लिया है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि इसका मतलब होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलना नहीं है। इसे खोलना अमरीका द्वारा कुछ शर्तों को पूरा करने पर निर्भर करेगा। यह भी देखना होगा कि क्या खाड़ी के सभी देश बैठक में शामिल होंगे। बहरीन ने पहले ही इसमें भाग लेने से मना कर दिया है।

इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा बड़ी चिंता बनी हुई है। ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी ने आज बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय एक वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ। क्षति और चालक दल की स्थिति के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है। उधर, ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि क़ेशम द्वीप के पास एक ईरानी वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

यमन के ईरान समर्थित हौसी विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दक्षिणी भाग में एक सैन्य अड्डे पर एक और मिसाइल और ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली है। सऊदी नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि लाल सागर के किनारे यमन की सीमा के पास अल-तुवाल प्रांत में एक मिसाइल गिरी, जिससे दो लोग घायल हो गए और एक मस्जिद और कई अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इराक में, अधिकारियों ने एक ड्रोन लॉन्चिंग प्लेटफॉर्म जब्त किया है, जिसका कथित तौर पर सऊदी अरब की पूर्व-पश्चिम तेल पाइपलाइन पर हमले से संबंध है। इराक ने सुरक्षा अभियान के तहत पहले ईरान के साथ कई सीमा चौकियों को बंद कर दिया था।