ईरान ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी की आलोचना करते हुए उन पर ईरान और इस्राएल के परमाणु कार्यक्रमों से निपटने में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि इस्राएल परमाणु अप्रसार संधि – एनपीटी और आईएईए के व्यापक सुरक्षा उपायों से बाहर क्यों है। जबकि व्यापक रूप से माना जाता है कि उसके पास परमाणु हथियार हैं। ईरान के एनपीटी का सदस्य होने और इस्राएल के सदस्य नहीं होने के दोहरे मापदंड वाले ग्रॉसी के बयान पर श्री बगाई ने कहा कि कानूनी स्थिति के आधार पर किया गया यह भेदभाव एजेंसी की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और परमाणु अप्रसार को बढ़ावा देने की ज़िम्मेदारी को पूरा नहीं करता।
श्री बगाई ने मध्य पूर्व पर 1995 के एनपीटी प्रस्ताव और 2000 के एनपीटी समीक्षा सम्मेलन का हवाला दिया। इन दोनों में ही इस्राएल से एनपीटी में शामिल होने और अपनी सभी परमाणु सुविधाओं को आईएईए के व्यापक सुरक्षा उपायों के तहत रखने का आह्वान किया गया था। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भाषा में इस तरह के अंतर से एजेंसी की विश्वसनीयता कम होती है और अंतरराष्ट्रीय परमाणु अप्रसार व्यवस्था कमजोर होती है।