सितम्बर 23, 2026 9:43 पूर्वाह्न

printer

एकीकृत कार्यालय व्यवसायों को सरकारी सेवाओं तक पहुंचने के लिए एक साझा केंद्र प्रदान करेंगे: वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि बड़े शहरों में ऐसे एकीकृत वाणिज्य और उद्योग कार्यालय बनाने की योजना है जहां व्यवसायों को कई सरकारी विभागों और एजेंसियों तक पहुंच की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सके। उन्होंने कल नई दिल्ली में ‘उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग’ की ओर से आयोजित हितधारकों की कार्यशाला में यह घोषणा की। वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्री गोयल ने कहा कि सरकार भौतिक और डिजिटल दोनों तरीकों से निर्यात को आसान बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग विभागों के कार्यालय बनाने के बजाय एकीकृत कार्यालय व्यवसायों को एक ही जगह पर कई प्रकार की सेवाओं तक पहुंच में सहायक होंगे।

मंत्री महोदय ने इस दौरान ‘ट्रेड कनेक्ट’ नाम का एक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म विकसित करने की भी घोषणा की, जो निर्यातकों को प्रोडक्ट और HSN-कोड के अनुसार जानकारी देगा। इसमें गंतव्य देशों में टैरिफ, मुक्त व्यापार समझौते के अवसरों और इसका लाभ उठाने की प्रक्रियाओं जैसी जानकारी शामिल होगी।

श्री गोयल ने कहा कि यह प्लेटफ़ॉर्म डिजिटल और AI-आधारित उपकरणों का उपयोग करके व्यवसायों को निर्यात के संभावित अवसरों की पहचान करने और अवसंरचना संबंधी कमियों को दूर करने में सहायता प्रदान करेगा।