भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सूरत द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बहर’ के 15वें संस्करण में भाग लेने के लिए मस्कट, ओमान पहुंच गया है। इस अभ्यास में शामिल होने के लिए आईएनएस सूरत कल ही वहां पहुंच गया था। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास के बाद भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी के बीच एक समन्वित गश्त की जाएगी।
इस अभ्यास के तहत बंदरगाह और समुद्री चरणों के दौरान पेशेवर गतिविधियां शामिल होंगी, जिनमें क्रॉस-डेक दौरे, परिचालन संबंधी बातचीत और खेल आयोजन शामिल हैं। ये गतिविधियां दोनों नौसेनाओं के कर्मियों को अपने अनुभव और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने, अंतर-संचालनीयता बढ़ाने और आपसी समझ को और मजबूत करने के अवसर प्रदान करेंगी।
मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत और ओमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर आधारित मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी को दर्शाती हैं।