नवम्बर 19, 2026 10:07 पूर्वाह्न

printer

इंडिगो एयरलाइन ने सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द की

इंडिगो एयरलाइन ने सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द कर दी हैं।

एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत संपर्क विवरण के माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है। साथ ही, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह घटनाक्रम सऊदी अरब की अगुवाई वाले गठबंधन द्वारा यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दक्षिणी सऊदी अरब की दिशा में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट किए जाने की खबरों के बीच सामने आया है।

इससे पहले, सऊदी अधिकारियों ने देश के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र के आबा शहर और खमीस मुशैत के लिए कुछ समय के लिए आपातकालीन अलर्ट जारी किए थे। खतरा टलने के बाद इन्हें वापस ले लिया गया।